रुद्रपुर। रबी विपणन सत्र 2022-23 शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। सहकारी क्रय केंद्रों पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक गेहूं खरीद जारी रहेगी। ऊधमसिंह नगर जिले में इस बार गेहूं खरीद के लिए 168 क्रय केंद्र खोले गए हैं।
जिले में गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार सुबह से ही सहकारिता विभाग, खाद्य विभाग, एनसीसीएफ, नैफेड के अधिकारी जुटे रहे। क्रय केंद्रों पर बारदाने की उपलब्धता, तोल कांटों की मरम्मत और वाटर मैन आदि की तैनाती आदि के कार्य किए गए। रुद्रपुर गल्ला मंडी में खाद्य विभाग के एसएमओ हेमंत जोशी व विपणन सहायक धर्मेंद्र क्रय केंद्र पर बैनर लगवाने व सफाई की व्यवस्था करवाते नजर आए।
उन्होंने बताया कि इस बार ई-खरीद पोर्टल में पंजीकरण के बाद किसानों की खेती के रकबे का सत्यापन तहसील प्रशासन की ओर से किया जाएगा। रकबा सत्यापित होने के बाद किसान क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकते हैं। शुक्रवार सुबह नौ बजे से गेहूं खरीद शुरू होगी। कुमाऊं मंडल को इस बार 16 लाख क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन क्रय एजेंसियां लक्ष्य का करीब 95 प्रतिशत गेहूं खरीदने के लिए ऊधम सिंह नगर जिले पर निर्भर नजर आ रही हैं।
खुले बाजार में एमएसपी से अधिक मिल रहे गेहूं के दाम
रुद्रपुर। सरकार ने इस वर्ष मूल्य समर्थन योजना के तहत सहकारी क्रय केंद्रों पर प्रति क्विंटल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। हालांकि अभी सरकार ने बोनस राशि की घोषणा नहीं की है, लेकिन खुले बाजार में अपना पुराना गेहूं बेच रहे किसानों को 2300 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है। यदि किसानों को नए गेहूं का मूल्य भी इतना ही मिला तो सहकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद प्रभावित हो सकती है। कुछ किसान गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य को कम भी बता रहे हैं। संवाद
जिले में गेहूं खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार किसानों के खेती का रबका तहसील प्रशासन की ओर से ऑनलाइन सत्यापित किया जाएगा। किसानों को सत्यापन के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
हरबीर सिंह, आरएफसी कुमाऊं।
सभी क्रय केंद्रों पर बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। जिले में अभी बारदाने की 500 गांठें हैं। जरूरत के हिसाब से और बारदाना उपलब्ध कराया जाएगा। मंडी समितियों की ओर से भी गेहूं खरीद से संबंधित उपकरण मिल गए हैं।
एमएल टम्टा, जिला सहायक निबंधक।
हरबीर सिंह, आरएफसी कुमाऊं।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित क्रय केंद्र पर बैनर लगाते एसएमओ हेमंत जोशी।- फोटो : RUDRAPUR