नौगवाठग्गू गांव निवासी एक किसान की सात बीघा जमीन पर खड़ी फसल को एक ने काट लिया। किसान पिछले तीन दिन से लापता है। किसान की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर उसके लापता पति की तलाश करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की है।
नौगवांठग्गू निवासी विलादो देवी ने प्रभारी निरीक्षक बीएल विश्वकर्मा को दी तहरीर में कहा है कि उसका पति राम किशोर पांच अक्टूबर से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है। उसने बताया कि उसके पति ने अपनी 14 बीघा जमीन ललित ज्याला के हाथों 35 लाख रुपए प्रति बीघा की दर से बेची थी। पूरा भुगतान अदा न करने पर ज्याला ने रतनपुर निवासी एक नाम से खरीदी गयी जमीन को उसके पति राम किशोर को दे दी थी।
विक्रीनामा भी उसके हाथों बनाया गया। कुछ समय तक सब कुछ ठीक ठाक चला। इधर सूरज चंद की हत्या के आरोप में ललित ज्याला के जेल जाने के बाद आरोपी ने यह कह कर उसकी रतनपुर की सात बीघा जमीन में से खड़ी धान की फसल काट ली कि यह जमीन उसके नाम है। उन्होंने बताया कि फसल काटने की सूचना पर उसके पति पांच अक्टूबर को रतनपुर गए थे तब से वह वापस नहीं लौटे है।
उनका मोबाइल भी बंद है। विलादो देवी ने पुलिस से न्याय की गुहार करते हुए लापता पति की तलाश करने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान रामराज मौर्य, मोहित, पुरुषोत्तम, राम सिंह आदि मौजूद थे। प्रभारी निरीक्षक बीएल वर्मा ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।