तराई में धान की बंपर पैदावार के बाद अब तौल का संकट किसानों पर भारी पड़ रहा है। पहले बेमौसम बारिश ने फसल को नुकसान पहुंचाया, अब मंडियों में धान की खरीद सुस्त होने से किसान फड़ में ही दिन-रात गुजारने को मजबूर हैं।
जिले की सितारगंज, गदरपुर और किच्छा मंडियों में हजारों क्विंटल धान खुले में पड़ा है लेकिन टोकन, सॉफ्टवेयर खराबी और खरीद सीमा के चलते तौल नहीं हो पा रही है। कहीं कांटे कम हैं तो कहीं लिमिट खत्म हो गई। किसानों का कहना है कि मंडी में 20-20 दिन से पड़े हैं लेकन नंबर नहीं आ रहा है। ऊपर से धान में नमी और घटतौली का डर सता रहा है। बुधवार को अमर उजाला व संवाद की टीम ने जिले के अलग-अलग पांच ब्लाॅको में धान खरीद की पड़ताल की। पेश है रिपोर्ट...।
रुद्रपुर : धान तौल की रफ्तार धीमी
सितारगंज : खरीद के इंतजार में मंडी फड़ में पड़ा 20 हजार क्विंटल धान
नई मंडी समिति में धान की आवक के बीच बड़ी मात्रा में उपज बिक्री के इंतजार में पड़ी है। मंडी परिसर के फड़ों पर करीब 20 हजार क्विंटल से अधिक धान बिकने के लिए रखा हुआ है। एसएमओ ओम नारायण मिश्रा ने बताया कि कच्चे आढ़तियों ने अब तक 155 किसानों से लगभग 6200 क्विंटल धान खरीदा है। वहीं, 25 किसानों का करीब 1000 क्विंटल धान तौल के लिए मंडी में पड़ा है। खाद्य विभाग के तीन कांटों पर अब तक 112 किसानों से 8888 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसके बावजूद फड़ों पर 20 हजार क्विंटल से अधिक धान पड़ा है।
गदरपुर : 578.80 क्विंटल धान की हुई खरीद
किच्छा : पहले खेतों में रतजगा, अब मंडी में बैठे हैं किसान
नवीन मंडी में किसान 20 दिन से फसल के साथ बैठे हैं। एसएमआई कौशल कुमार ने बताया कि संभागीय खाद्य नियंत्रक के तीन केंद्रों पर छह अक्तूबर से अब तक 4,728 क्विंटल धान तुला है। हर केंद्र पर तीन हजार क्विंटल की लिमिट है। सहकारी संघ के पांच केंद्रों पर 6,500 क्विंटल तौल हुई है। तराई सिख संगठन के संतोख सिंह ने कहा तौल की गति तेज की जाए। मंडी में 100 क्विंटल धान अब भी तौल के इंतजार में है।
बाजपुर : केंद्रों पर धीमी तौल होने से किसानों में नाराजगी
धान खरीद केंद्रों पर धीमी तौल होने से किसानों में नाराजगी है। बन्नाखेड़ा सहित चार केंद्रों पर बारदाना उपलब्ध होने पर धान तौल शुरू हो गई है। नोडल अधिकारी नितेश हर्बोला ने बताया कि धान की अधिक आवक आने से इन तीनों केंद्रों पर लेबर बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि उनके 16 केंद्रों पर लगभग 12 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। एसएमओ नलनी कांत ने बताया कि आरएफसी के तीन केंद्रों पर 2800 क्विंटल धान खरीदा गया है। कांग्रेस जिला महामंत्री किसान हरदेव सिंह संधू ने ग्रामीण क्षेत्रों के खरीद केंद्रों पर धीमी गति से धान तौल हो रही है। पाेर्टल की लिमिट पूरी हो गई है।
धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को दिए हैं। धान खरीद प्रभावित न हो इसलिए अवकाश भी रद्द कर दिए गए हैं। किसानों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। प्रत्येक किसान का धान क्रय केंद्रों पर खरीदा जाएगा। - नितिन सिंह भदौरिया, डीएम