सितारगंज मंडी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देते किसान व कांग्रेसी।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। सरकार की ओर से संचालित धान खरीद का पोर्टल चालू न होने और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न किसान संगठनों का दूसरे दिन रविवार को भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। इस दौरान पालिका बोर्ड के जनप्रतिनिधियों और कांग्रेसियों ने किसानों के धरने का समर्थन किया। प्रभारी तहसीलदार ने धरनास्थल पहुंचकर किसानों की समस्याओं को जाना और उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
बीते शनिवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति में किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने की शुरूआत की थी। पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे, सभासद प्रमोद रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी रामनगीना प्रसाद, जिला महासचिव जिलानी अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष, नगराध्यक्ष हरपाल सिंह, महामंत्री मुख्त्यार अंसारी, एडवोकेट दयानंद सिंह, हसनैन मलिक, यूसुफ मलिक, अकरम बेग आदि लोगों ने धरनास्थल पहुंचकर समर्थन दिया। धरने पर बैठे किसान नेता नवतेजपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अभी तक सरकारी खरीद केंद्रों पर धान की तौल शुरू नहीं हुई है। केंद्र प्रभारी खरीद के लिए पोर्टल न खुला होना बता रहे हैं। इससे किसानों को मजबूरी में बिचौलियों को कम दाम पर अपना धान बेचना पड़ रहा है।
कहा कि जब तक सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर धान की तौल नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने सरकार पर खरीद केंद्रों में तौल को लेकर लेटलतीफी कर बिचौलियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। इधर, प्रभारी तहसीलदार यूसुफ अली ने धरनास्थल पहुंचकर किसानों की मांगें सुनीं और समस्याएं जानीं। कहा कि वह उच्चाधिकारियों को मांग और समस्याओं से अवगत कराएंगे। वहां कृषक जसपाल सिंह, गुरसाहब सिंह, गुरसेवक सिंह, राजेंद्र सिंह, बूटा सिंह, मनजिंदर सिंह, साहब सिंह, लखविंदर सिंह, कंवलजीत सिंह आदि थे।