रुद्रपुर। वैसे चुनाव से पहले अधिकारियों ने तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, लेकिन ऐन वक्त पर रुद्रपुर विधानसभा के कई पोलिंग बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदाताओं के वोट डालने के दौरान थोड़ी परेशानी जरूर हुई।
सुबह आठ बजे से शुरू हुई वोटिंग के एक घंटे बाद रुद्रपुर के चार पोलिंग बूथों की मशीनें एक के बाद एक खराब हो गईं। इससे चुनावी अधिकारी भी सकते में आ गए। जल्दबाजी में अधिकारियों ने मौके को भांपते हुए आरओ पंकज उपाध्याय से संपर्क किया।
वहीं आरओ पंकज ने पोलिंग अधिकारियों को ईवीएम बदलने के निर्देश दिए। इसके बाद पोलिंग दोबारा शुरू हो सकी। वहीं विधानसभा चुनाव में पहली बार इस्तेमाल में लाई जा रही वीवीपेट मशीन ने अधिकारियों के भरोसे को कायम रखते हुए बेहतर परिणाम दिए।
आरओ पंकज ने बताया कि पहली बार जिले में इस्तेमाल में लाई जा रही वीवीपेट मशीन से अधिकारी इतनी उम्मीद नहीं कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वीवीपेट मशीन को संचालित करने के लिए अधिकारियों को कम प्रशिक्षण दिया गया था।
हैरानी वाली बात यह रही कि पूरे जिले के किसी भी पोलिंग बूथ से वीवीपेट मशीन में कोई खराबी की सूचना नहीं आई। वहीं मतदाताओं ने भी वीवीपेट मशीन पर बेहतर प्रतिक्रिया दी। राज बंसल ने बताया कि पिछले चुनाव में वीवीपेट मशीन न होने से उन्हें इस बात कि आशंका थी कि सही प्रत्याशी को वोट नहीं पड़ा है, लेकिन वीवीपेट में पेपर स्लिप आने से मतदाताओं की यह आशंका दूर हो गई।