फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्रवाई न होने से रोष ,शव सड़क पर रखकर जाम लगाया

विज्ञापन
काशीपुर में शव के पास विलाप करती महिलाओं को शांत कराते एएसपी। - फोटो : KASHIPUR
विज्ञापन
काशीपुर। दो पक्षों के बीच मारपीट में हुई एक वृद्ध की मौत के मामले में 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने वृद्ध का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को प्रदर्शनकारी महिलाओं ने खूब खरीखोटी सुनाई। एएसपी के पहुंचने पर भी प्रदर्शनकारी जाम खोलने को राजी नहीं हुए। तहसीलदार मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस फोर्स ने जमीन पर लाठियां फटकार लोगों को खदेड़कर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक शव सड़क पर रखा रहा। देर शाम आईटीआई थाना पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या एवं एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
विज्ञापन

खड़कपुर देवीपुरा निवासी लाखन सिंह उर्फ लखपत की बहू राजकिरन ने 26 जुलाई को एक शिशु (पुत्री) को जन्म दिया था। 28 जुलाई को इस खुशी में उसके घर पूजा थी। वहां परिचितों व रिश्तेदारों के लिए भोज का आयोजन किया गया था। शाम करीब पांच बजे डीजे बजाने के बारे में पूछने पर लाखन के पुत्र राजवीर की पड़ोस में रहने वाले एक युवक से कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों परिवारों के बीच मारपीट होने लगी। राजवीर के पिता लाखन बीचबचाव के लिए आए। आरोप है कि छाती पर घूंसे के प्रहार से लाखन सिंह (65) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं, मृतक के पुत्र राजवीर ने कई लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर सौंपी थी। थाना प्रभारी कुलदीप अधिकारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही थी। इसे लेकर मृतक के परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और अन्य लोगों ने खड़कपुर देवीपुरा से शुगर फैक्ट्री की ओर जाने वाली सड़क पर लाखन सिंह का शव रखकर जाम लगा दिया। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। काशीपुर कोतवाल चंद्रमोहन, थाना प्रभारी कुलदीप अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
विज्ञापन

पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर आरोपी पक्ष के साथ हमसाज होने की बात कही। शव हटाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक ओर धक्कामुक्की भी हुई। सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र भी वहां पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने उनकी भी एक न सुनी। स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते मौके पर काशीपुर व बाजपुर कोतवाली, कुंडा थाने से पुलिस बल व सीपीयू की टीम को मौके पर बुला लिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक की भूमिका पर भी सवाल उठाते सुने गए।
स्थिति बेकाबू होने पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार/मजिस्ट्रेट वीसी पंत के आदेश पर पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को खदेड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर पत्थर भी फेंके। जाम खुलने पर शव मृतक के परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं देर शाम मृतक के पुत्र राजवीर की तहरीर पर आईटीआई थाना पुलिस ने मारपीट के आरोपी कुलदीप, उसके भाई बबलू, उसकी बहनें किरन व प्रीती, चचेरा भाई बंटी और अनीता पत्नी बबलू के खिलाफ धारा 304, 323, 504, 506 एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिशें दे रही है।
डॉक्टर से मिलने पहुंचे आरोपियों के रिश्तेदार, भड़का आक्रोश
काशीपुर। खड़कपुर देवीपुरा निवासी लाखन सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी पक्ष के चार रिश्तेदार पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर से मिलने पहुंच गए। यह देखकर मृतक के परिजनों का पारा चढ़ गया। वहां मौजूद मृतक की पुत्री ने मोर्चरी का चैनल बंद करने का प्रयास किया लेकिन वह गेट बंद नहीं कर सकी। मामला बिगड़ता देख चारों लोग वहां से खिसक लिए। इसी बात को आधार बनाकर मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए। जाम के दौरान प्रदर्शनकारी इस मामले की जांच कराए जाने की मांग पर अड़े रहे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बीमारी को बताया मौत का कारण
काशीपुर। लाखन सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण बीमारी के चलते होना बताया गया है। शव के परीक्षण के दौरान मृतक लाखन का दिल फैला हुआ था और उसके मस्तिष्क में खून जमा हुआ था।
लाखन सिंह की मौत के मामले में शव सड़क पर रखकर मार्ग अवरुद्ध करने, लोकशांति भंग करने के मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आईटीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपियों की शिनाख्त कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें