काशीपुर। एक पेपर मिल में ड्यूटी जा रहे स्कूटी सवार फैक्टरीकर्मी व बाइक सवार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में फैक्टरी कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
खड़कपुर देवीपुरा निवासी सतीश (40) पुत्र श्रीराम जसपुर रोड स्थित एक पेपर मिल में नौकरी करते थे। बीते रविवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह स्कूटी से ड्यूटी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जसपुर रोड पर फैक्टरी से पहले सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी व बाइक सवार दोनों घायल हो गए। घायलों को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सोमवार की देर रात सतीश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि सतीश फैक्टरी में नौकरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वह अपने पीछे दो बेटी राधिका (12) व कंचन (8) और चिराग (6) व पत्नी सहित अन्य परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। वहीं घायल बाइक सवार युवक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।