लालपुर स्थित महाराजपुर क्षेत्र में कापी बनाने की फैक्ट्री चलाने वाले एक व्यक्ति के साथ ही उसकी पत्नी और नौकरानी को क्षेत्र के कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे कुछ गणमान्य लोग दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास कर रहे हैं।
मूल रुप से दिल्ली निवासी रवि चौधरी अपनी पत्नी पूनम के साथ महाराजपुर में कुछ वर्षों से कापी बनाने की फैक्ट्री चला रहे हैं। घर के कामकाज करने के लिए उन्होंने क्षेत्र की ही एक मंजू नाम की लड़की को अपने यहां रखा है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। इसके संबंध में कुछ लोग रवि की नौकरानी मंजू से पूछताछ के लिए उसके घर पहुंचे।
इस दौरान किसी बात को लेकर रवि और पूछताछ कर रहे लोगों के बीच बहस हो गई। रवि की पत्नी ने लोगों को वहां से जाने के लिए कहा तो वह हाथापाई पर उतर आए और दोनों की जमकर पिटाई कर दी। इससे रवि और पूनम चोटिल हो गए।
इस दौरान किसी ने मंजू के हाथ में नुकीले हथियार से वार कर दिया, जिससे वह भी बुरी तरह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है। क्षेत्र के ही कुछ गणमान्य लोग दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहे हैं।