पंतनगर विवि में बीटेक की कंपार्टमेंट परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले में बाह्य परीक्षा समन्वयक डॉ. एसके गोयल को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र जाखधार (रुद्रप्रयाग) से संबद्ध कर दिया है।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि में बीटेक की कंपार्टमेंट परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले में बाह्य परीक्षा समन्वयक डॉ. एसके गोयल को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र जाखधार (रुद्रप्रयाग) से संबद्ध कर दिया है। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।
विज्ञापन
कंपार्टमेंट परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आया तो अधिष्ठाता प्रौद्योगिकी डॉ. एसएस गुप्ता ने डीन पीजीएस डॉ. लोकेश वाष्र्णेय की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच बैठा दी। जांच में पेपर लीक की पुष्टि होने पर परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। जांच में पाया गया कि प्रौद्योगिक महाविद्यालय की वाह्य परीक्षा सेल के समन्वयक का प्रभार लेने के बाद डॉ. गोयल ने कंप्यूटर में पासवर्ड नहीं बदला और उसी पुराने पासवर्ड का इस्तेमाल करते रहे।
इस मामले को विवि प्रशासन ने गंभीरता से लिया और सोमवार देर शाम रिपोर्ट के आधार पर डॉ. गोयल के खिलाफ कार्यों में घोर लापरवाही का दोषी मानते हुए कुलपति की संस्तुति पर मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. गौहर ताज ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश पारित कर दिए। साथ ही मामले की विभागीय जांच विवि प्रबंध परिषद के सदस्य डॉ. अरुण कुमार और कार्मिक अनुभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केएस पुंडीर को सौंप दी है।