पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार।
- फोटो : अमर उजाला
इंडोनेशिया के जकार्ता में छह से 13 अक्तूबर तक होने वाले पैरा एशियाई खेलों में प्रदेश के तीन खिलाड़ी भी दमखम दिखाएंगे। तीनों 302 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल हैं। यह दल जकार्ता पहुंच गया है।
हाल ही में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित और पैरा बैडमिंटन में विश्व में नंबर वन खिलाड़ी मनोज सरकार और काशीपुर के चिराग बरेठा इन खेलों में चुनौती पेश करेंगे। मनोज सरकार के नाम जहां 18 गोल्ड समेत करीब 28 पदक हैं, वहीं चिराग भी बेहतरीन पैरा शटलर हैं, जिनसे भारतीय दल को पदक की आस है।
दूसरी ओर पौड़ी के मूल निवासी और वर्तमान में देहरादून के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट आशीष नेगी भी हैं। नेगी एफ-12 कैटेगरी यानी दृष्टिबाधित वर्ग के शॉटपुट खिलाड़ी हैं। आशीष ने मार्च 2018 में नेशनल पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त किया किया था।
फोन पर हुई बातचीत में आशीष ने बताया कि पैरा एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करके 2020 टोक्यों में होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए जाने वाले भारतीय दल में जगह बनाना और पदक जीतना मकसद है। एशियाई खेलों में भारतीय दल के ध्वजवाहक रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता टी मरियप्पन होंगे।