सितारगंज। पीएचसी शक्तिफार्म को सीएचसी में उच्चीकृत करने की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को सीडीओ देवेश शाशनी के निर्देश पर जिला अर्थ और संख्याधिकारी ने कार्यदायी संस्था को अस्पताल के लिए प्रस्तावित भवन की डीपीआर तैयार करने के लिए पत्र लिखा है।
सोमवार को जारी पत्र में जिला अर्थ व संख्याधिकारी नफील जमील ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म का सीएचसी में उच्चीकरण किया जाना है। इसके लिए नए भवन का निर्माण किया जाना है।
उन्होंने कहा कि सीडीओ के निर्देश पर कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम रुद्रपुर को योजना की डीपीआर तैयार करने के लिए यथाशीघ्र टीम गठित किए जाने की प्रक्रिया पूरी किए जाने को कहा गया है।
सीएम ने की अस्पताल उच्चीकृत किए जाने की घोषणा
सीएम धामी ने पीएचसी शक्तिफार्म को 30 बेड के सीएससी अस्पताल में उच्चीकृत किए जाने की घोषणा की थी। इसके लिए शासन ने डॉक्टरों और स्टाफ कर्मियों के पद भी सृजित कर दिए हैं। अब अस्पताल भवन का निर्माण किया जाना है। अस्पताल भवन का निर्माण होते ही शक्तिफार्म और आसपास के गांव के करीब डेढ़ लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
वर्जन
डॉक्टरों और स्टाफ कर्मियों के पद सृजित करने के बाद सीएचसी शक्तिफार्म के लिए नए भवन के निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही शक्तिफार्म के लोगों को भी उन्हीं के घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
-सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री