अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे आबकारी विभाग ने दीपावली को देखते हुए शनिवार को एक बार फिर अवैध शराब का गढ़ कहे जाने वाले रंपुरा और बिंदुखेड़ा में छापा मारकर सैकड़ों लीटर शराब बरामद करने के साथ ही चार शराब माफियाओं को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
आबकारी आयुक्त के निर्देशों पर माह भर पूर्व से चलाए गए अवैध शराब उन्मूलन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार को बिंदुखेड़ा, रंपुरा, महाराजपुर और कनकपुर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाकर शराब बनाने वाली 25 भट्टियों को तोड़ा और 20 हजार लीटर लाहन नष्ट करने के साथ ही 500 लीटर तैयार कच्ची शराब को भी कब्जे में लिया।
टीम ने इस बार माफियाओं की धरपकड़ के लिए भी सटीक योजना तैयार की थी जिसके चलते एक महिला सहित तीन शराब माफिया टीम के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम बिंदुखेड़ा निवासी अमरजीत कौर, सुरेंद्र सिंह, रंपुरा निवासी हरिओम और सोनू बिष्ट बताया है। टीम ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम में महेंद्र सिंह बिष्ट, सोनू सिंह, हरीश चंद्र, पूरन जोशी, मुक्त चंद्र डंगवाल, दीवान सिंह जीना, जगदीश कुमार, बृजेश कुमार गौतम आदि थे।