रुद्रपुर। अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ का असर डाक विभाग की पार्सल सेवा पर पड़ा है। अमेरिका के लिए डाक बुकिंग स्थगित होने के बाद 12 दिन से वहां कोई भी डाक और पार्सल नहीं गया है। इससे डाक विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
मुख्य डाकघर के पोस्ट मास्टर प्रवीण बसलियाल ने बताया कि जिला मुख्यालय के मुख्य डाकघर से अमेरिका के लिए हर महीने करीब 20 डाक पार्सल अमेरिका के लिए जाते थे। डाक मुख्यालय के निर्देश के बाद 22 अगस्त से अमेरिका के लिए डाक पार्सल नहीं भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डाकघर से हर महीने अमेरिका के लिए बुक होने वाले पार्सल पांच से 10 किलो के होते थे। इनका अधिकतम डाक मूल्य 700-800 रुपये होता था। बताया कि मुख्यालय के अगले दिशानिर्देश के बाद ही अमेरिका के लिए डाक बुकिंग की जाएगी। रुद्रपुर से लोग अमेरिका में रहने वाले नाते-रिश्तेदारों को पार्सल से सामान भेजते थे।
अमेरिका के लिए डाक परिवहन कंपनियों के असमर्थता जताने के बाद भारत सरकार ने 100 अमेरिकी डालर मूल्य तक के पत्र, दस्तावेज, उपहार के साथ ही सभी श्रेणी की डाक बुकिंग पूरी तरह से स्थगित कर दी है।