खटीमा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खटीमा में प्रतिदिन करीब 400 छात्र-छात्राएं कीचड़ युक्त कच्ची सड़क से होकर पहुंचते हैं। कॉलेज प्रबंधन कई बार सड़क निर्माण की प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों से मांग कर चुका है लेकिन विद्यार्थियों की इस समस्या की तरफ न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान जाता है और ना ही विभागीय अधिकारियों का।
वर्ष 2013 में तत्कालीन विधायक सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से खटीमा में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खुला था। वर्तमान में यहां लगभग 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यह विद्यार्थी सड़क जैसी बुनियादी जरूरत से भी वंचित हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले रास्ते का करीब 125 मीटर हिस्सा अभी भी कच्चा मार्ग होने के कारण यहां आजकल बरसात के मौसम में कीचड़ की समस्या रहती है। आर्शीवाद पैलेस से कॉलेज को जाने वाले करीब 300 मीटर कच्चे मार्ग पर विद्यार्थियों का कीचड़ के कारण सड़क पर चलना भी दूभर हो रहा है। कॉलेज के अध्यापक व अन्य स्टाफ भी इसी मार्ग से पहुंचते हैं।