रुद्रपुर। गदरपुर क्षेत्र के खुशहालपुर सरोवर नगर में एक परिवार पर कथित जानलेवा हमला और कई राउंड फायरिंग का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि गदरपुर कोतवाली में शिकायत करने पर भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई जिसके बाद उन्होंने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे खुशहालपुर सरोवर नगर निवासी गुरदेव सिंह पुत्र बलवंत सिंह ने शिकायती पत्र में बताया कि 14 मई की रात करीब 10 बजे वह परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान आठ नामजद और छह से सात अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने 20 से 30 राउंड फायर किए। पत्र में बताया कि आरोपियों ने मुख्य गेट तोड़ा और घर में खड़ी बाइक के अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान में तोड़फोड़ की। परिवार ने बताया कि घटना के समय बच्चे और महिलाएं भयभीत होकर छत पर छिप गई।
घटना के बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो खाली खोखे भी बरामद किए गए। आरोप है कि इसके बाद भी गदरपुर कोतवाली पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।