फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े घर में घुसकर प्रेमी को गोली मारी, प्रेमिका को अगवा किया

विज्ञापन
घटना के बाद रोते बिलखते परिजन। - फोटो : KASHIPUR
विज्ञापन
काशीपुर। प्रेम प्रसंग के मामले में कुछ दबंगों ने प्रेमी के घर में घुसकर उसे गोली मार दी और उसकी विवाहित प्रेमिका को अगवा कर अपने साथ ले गए। घायल प्रेमी को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में पिता-दो पुत्रों समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद एक हमलावर ने कुंडेश्वरी चौकी में सरेंडर किया है। पुलिस उससे पूछताछ करने के साथ ही अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। फिलहाल घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
विज्ञापन

कुंडेश्वरी के ग्राम गुलजारपुर, मझरा पत्थरपुरी निवासी गौरव कुमार (22) पुत्र सुरजीत सिंह काशीपुर के एक मोबाइल केयर सेंटर पर काम करता था। कुछ समय पूर्व से गोविंदनगर निवासी एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक लगने पर आठ माह पूर्व युवती के परिजनों ने उसका विवाह पीरूमदारा (रामनगर) निवासी एक युवक के साथ कर दिया। युवती का पति लखनऊ के एक निजी संस्थान में नौकरी करता है। विवाह के बाद भी युवती गौरव के संपर्क में थी। सोमवार तड़के युवती के फोन करने पर गौरव उससे मिलने गया और अपने साथ घर ले आया। युवती को घर में ही छोड़ने के बाद गौरव पिता के साथ खेत पर चला गया।
सुबह करीब 10 बजे खेत से लौटने के बाद वह घर पर ही था। उस समय घर पर उसके अलावा उसका भाई दीपक, दो भाभियां और मां बूंदा देवी घर पर थीं। गौरव का भाई टिंकू पंजाब और अजय दिल्ली गया हुआ है। सुबह करीब 11 बजे एक कार में सवार होकर आए सात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने कार को गौरव के घर से कुछ दूरी पर एक खेत के सामने खड़ी कर दी।
विज्ञापन

इसके बाद उक्त लोग गौरव के घर में घुस गए। उक्त लोगों से घर में घुसने का कारण पूछने पर युवकों ने गौरव के साथ मारपीट शुरू कर उसकी विवाहित प्रेमिका के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने तमंचे की बट से वार कर गौरव का सिर फोड़ दिया। परिजन बीचबचाव को पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी हाथापाई की। इसी बीच एक हमलावर ने 315 बोर के तमंचे से गौरव के सीने में गोली मार दी।
खून से लथपथ गौरव जमीन पर गिर गया। वहीं, हमलावर गौरव की प्रेमिका को घर से खींचकर फरार हो गए। घायल का भाई दीपक, मौसेरा भाई सोनू और फुफेरा भाई नन्हें ने उसे प्रधान तरसेम सिंह की गाड़ी से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर एएसपी राजेश भट्ट, सीओ मनोज ठाकुर, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह और प्रतापपुर चौकी प्रभारी गणेश पांडे मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
ऑनर किलिंग की अफवाह से मचा हड़कंप
काशीपुर। गौरव की हत्या करने के बाद ऑनर किलिंग के नाम पर विवाहिता को मार डालने की अफवाह भी क्षेत्र में फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी थाना कुंडा के ग्राम गढ़ीनेगी निवासी दलजीत सिंह ने कुंडेश्वरी पुलिस चौकी में सरेंडर कर दिया।
मृतक के परिजनों ने उससे कहा कि तुम लोगों ने गौरव की तो हत्या कर दी लेकिन लड़की को क्यों छोड़ा। इसके जवाब में आरोपी ने कहा कि हमने लड़की को भी मार दिया है। इस बात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी करने पर पता लगा कि युवती सुरक्षित है।
सुरजीत ने दो साल में खोए दो जवान बेटे
काशीपुर। दो साल के अंतराल में सुरजीत सिंह के परिवार का दूसरा चिराग बुझ गया। सुरजीत के परिवार में छह बेटे और दो बेटियां थे। सुरजीत का बड़ा बेटा बंटी पीआरडी में था। करीब दो साल पहले बीमारी के चलते उसका निधन हो गया था।
सोमवार को गौरव की हत्या के बाद सुरजीत के परिवार को दूसरे बेटे की मौत से बड़ा झटका लगा है। जवान बेटे की मौत से सुरजीत और उसकी पत्नी बूंदा देवी का हाल बेहाल है। भाई की मौत से दोनों बहनों स्वाति और रेखा भी बेसुध हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गौरव हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का था।
पिता-दो पुत्रों समेत सात लोगों पर मुकदमा
काशीपुर। गौरव हत्याकांड में मृतक के भाई दीपक ने कुंडेश्वरी पुलिस चौकी में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने थाना कुंडा के ग्राम गढ़ीनेगी निवासी दलजीत सिंह, उसके भाई मंजीत सिंह, गोविंदनगर खत्ता निवासी महेंद्र सिंह, उसके बेटे पुत्रों संदीप सिंह व सोनू सिंह, भीमनगर निवासी काला सिंह और ग्राम सेमलपुरी निवासी संदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, चौकी के सामने शव रोककर प्रदर्शन
काशीपुर। गौरव हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्राम गुलजारपुर और बाजावाला के ग्रामीणों ने शव पुलिस चौकी के सामने ले जाकर जाम लगाया और प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। पोस्टमार्टम होने के बाद ग्रामीण शव को एंबुलेंस में रखकर वाहन को लेकर कुंडेश्वरी चौकी पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस पुलिस चौकी के सामने खड़ी कर दी।
प्रदर्शनकारी सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। गिरफ्तारी में देरी को लेकर ग्रामीणों की सीओ मनोज ठाकुर और कोतवाल चंद्रमोहन सिंह से कहासुनी भी हुई। सीओ मनोज ने उन्हें जल्द से जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नही थे। काफी समझाने के बाद ग्रामीण वहां हटने को राजी हुए। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है।
गौरव हत्याकांड के मुख्य आरोपी दलजीत सिंह ने पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। - मनोज ठाकुर, सीओ, काशीपुर।

घटना के बाद कुंडेश्वरी चौकी के बाहर लगी ग्रामीणो की भीड़।- फोटो : KASHIPUR

मृतक गौरव कुमार का फाइल फोटो।- फोटो : KASHIPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें