रुद्रपुर। 80 करोड़ की लागत से बन रहे बस टर्मिनल की राह अतिक्रमण ने रोक दी है। प्रवेश द्वार के अधूरे निर्माण के बाद कार्य रुक गया है। पुराने भवन के ध्वस्त होने से वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है। यात्रियों को बैठने, टिकट लेने के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ माह पहले पुराने रोडवेज डिपो के भवन को ध्वस्त कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी। उम्मीद थी कि जल्द लोगों को आधुनिक बस अड्डे की सौगात मिलेगी लेकिन मुख्य प्रवेश द्वार के समीप अतिक्रमण नहीं हटने से काम आगे नहीं बढ़ पाया। इससे सुविधाओं की आस लगा रहे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई। उन्हें बारिश में कीचड़ और जलभराव का सामना करना पड़ रहा है जबकि तेज धूप में खुले में बस का इंतजार करना मजबूरी बन गया है। प्रवेश द्वार का निर्माण अधूरा होने से कई बसों का संचालन अस्थायी मार्गों से किया जा रहा है। बस अड्डे पर अव्यवस्था और भीड़ बढ़ने का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर हो रहा है। जिस परियोजना से परिवहन व्यवस्था बदलने की उम्मीद थी, वही अब लोगों के लिए समस्या बनने लगी है।
प्रवेश गेट के पास अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। संबंधित विभाग के स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होनी है। रास्ता खाली होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। -मधुसूदन मिश्रा, एआरएम