खुरपिया फार्म में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध कर रही महिलाएं ट्रैक्टरों के आगे खड़ी हो गईं। इससे वहां माहौल गरमा गया। सूचना पर एसडीएम, सीओ और कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन के सख्त रुख पर ग्रामीणों के तेवर ठंडे पड़ गये। इसके बाद प्रशासन ने कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाया।
बुधवार सुबह तहसीलदार गोपाल राम आर्य राजस्व विभाग और पुलिस बल के साथ ट्रैक्टरों का काफिला लेकर खुरपिया फार्म पहुंचे और ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी। खुरपिया फार्म के ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई ना करने का दबाव बनाया। महिलाएं ट्रैक्टरों के आगे खड़ी हो गईं।
सूचना पर एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल, सीओ हिमांशु शाह, कोतवाल योगेश उपाध्याय दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गये। यहां प्रशासनिक अधिकारियों का कड़ा रुख देख अतिक्रमणकारी भाग निकले। बाद में टीम ने भूड़ा, बिचपुरी में जगह-जगह तारबाड़ की गई जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करवाया। एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल ने बताया ग्राम सभा भूड़ा, बिचपुरी, खुरपिया, किशनपुर व देवरिया में 200 से 250 एकड़ जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने बोई है फसल
एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल ने बताया खुरपिया फार्म में चार वर्ष पहले लगभग 1500 एकड़ जमीन को सरकारी घोषित किया गया था। यहां पर रह रहे लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर कई स्थानों पर फसल बो रखी थी, जिसे ट्रैक्टर चलवाकर अतिक्रमण मुक्त करवा दिया गया है। इसमें से 1002 एकड़ जमीन सिडकुल को दी जा चुकी है। सिडकुल को जमीन के रखरखाव के लिए लिखा जाएगा। ताकि अतिक्रमण ना हो सके।