रुद्रपुर। रुद्रपुर नगर निगम के कूड़ा निस्तारण के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने लालपुर स्थित साढ़े चार एकड़ वन भूमि पर अंतिम मुहर लगा दी है। इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। टीम ने कूड़ा निस्तारण के लिए चार अन्य स्थान भी चिन्हित किए थे। इनमें लालपुर स्थित वन भूमि पर सहमति बन गई।
रुद्रपुर में एनएच-74 किनारे करीब पौने तीन एकड़ भूमि पर बने ट्रंचिंग ग्राउंड में अब कूड़े के लिए स्थान नहीं बचा है। रुद्रपुर में प्रतिदिन करीब 70 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। ट्रंचिंग ग्राउंड को शिफ्ट करने के लिए लंबे समय से प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए पत्थरचट्टा, आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज के पीछे की समेत चार स्थानों का सर्वे किया था, लेकिन विभिन्न तकनीकी कारणों से इन स्थानों को आखिर में निरस्त करना पड़ा। नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण के लिए किच्छा के पास लालपुर स्थित साढ़े चार एकड़ वनभूमि को चिन्हित कर लिया है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव वन विभाग को भेजा जा रहा है।
नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने बताया चयनित स्थान पर कूड़ा निस्तारण संयंत्र के जरिये कूड़े से कंपोस्ट खाद तैयार की जाएगी। इसके साथ ही कॉम्पेक्टर मशीन के जरिये प्लास्टिक का कूड़ा नगर निगम की आय का जरिया बनेगा। इससे उद्योगों को बेचने के साथ ही सड़क निर्माण में भी इस्तेमाल किया जाएगा। बताया कि आदित्यनाथ कॉलेज के पीछे 11 एकड़ जमीन के लिए नगर निगम ने सरकार के कोष में तीन करोड़ 68 हजार रुपये जमा कराये थे। अब उस रकम को निगम वापस लेने की कार्यवाही कर रहा है।