कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय में अतिक्रमण करने वाले का विरोध जताते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
जिला प्रशासन से कुष्ठ आश्रम की जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने की गुहार लगाने के बाद एसडीएम एपी बाजपेई की अगुवाई में पहुंची टीम ने अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया।
बुधवार सुबह कुष्ठाश्रम के तमाम लोग विधायक राजकुमार ठुकराल और मेयर सोनी कोली के नेतृत्व में एसडीएम एपी बाजपेई, डीएम अक्षत गुप्ता और इसके बाद एसएसपी कृष्ण कुमार वीके से मिले थे। उनका कहना था कि यहां पर वर्षों से काबिज कुष्ठ रोगियों की जमीन पर पहाड़गंज के एक व्यक्ति ने अवैध तरीके से कब्जा किया है।
उसने कुष्ठाश्रम की दीवार को तोड़कर झोपड़ी बना दी है। उन्होंने उस व्यक्ति पर धमकाने का भी आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम अक्षत गुप्ता ने कुष्ठाश्रम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को ध्वस्त करने के आदेश दे दिए। साथ ही इस प्रकरण की जांच के भी आदेश दिए हैं।
इधर अतिक्रमण ध्वस्त करने का आदेश मिलते ही एसडीएम की अगुवाई में पहुंची प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।