रुद्रपुर। औद्योगिक क्षेत्र स्थित वी-गार्ड कंपनी के बाहर सोमवार को सैकड़ों कर्मियों ने प्रदर्शन किया। सुबह से ही एकत्र हुए कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं को लेकर नारेबाजी की।
कर्मियों का आरोप है कि वे सालों से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन आज तक उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई और उन्हें शुरुआती वेतन पर ही काम कराया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि लगातार महंगाई बढ़ने के बावजूद उनकी आय में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रबंधन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
कर्मियों ने कंपनी की कैंटीन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कैंटीन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े-मकोड़े पाए गए हैं।
आरोप है कि दूषित भोजन खाने से कई कर्मचारी बीमार भी पड़ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को अनिश्चितकाल तक जारी रखा जाएगा। वहीं स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
शाम तक श्रम विभाग के अधिकारियों, कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता का दौर चलता रहा। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।