रुद्रपुर। रोडवेज बस अड्डे और रोडवेज वर्कशॉप का बिजली केबल जलने से काम प्रभावित हो रहा है। पिछले पांच दिन से बस अड्डे और कार्यशाला में जनरेटर से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। बीते दो सितंबर को बारिश के दौरान बिजली का केबल फुंक गया। केबल जलने से बस अड्डे के साथ ही कार्यशाला की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दोनों स्थानों पर जनरेटर से काम चलाया जा रहा है।
रोडवेज डिपो के सहायक महाप्रबंधक श्रीराम कौशल ने बताया कि ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी को केबल फुंकने की जानकारी दे दी गई है। अब तक केबल नहीं बदला जा सका। उन्होंने बताया कि बस अड्डे और कार्यशाला में जनरेटर से बिजली की आपूर्ति करनी पड़ रही है। कार्यशाला में वाहनों की मरम्मत में काफी बिजली खर्च होती है। जनरेटरों में हर रोज करीब 60 लीटर डीजल खर्च हो रहा है। ऊर्जा निगम के एसडीओ ने केबल बदलवाने की बात कही है।