रुद्रपुर। ऊर्जा निगम की टीम ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले सरकारी विभागों पर बड़ी कार्रवाई की है। सीएमओ कार्यालय और आबकारी आयुक्त कार्यालय समेत आठ सरकारी विभागों का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। बिल जमा करने पर इन विभागों को दोबारा बिजली का कनेक्शन मिलेगा।
बुधवार देर शाम ऊर्जा निगम की टीम एसडीओ अन्नू अरोरा के नेतृत्व में सरकारी विभागों में पहुंची। टीम ने एक के बाद एक आठ सरकारी विभागों के बिजली के कनेक्शन काट दिए। एसडीओ ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पेयजल निगम कार्यालय, आबकारी आयुक्त कार्यालय, जिला पर्यटन कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, सीएमओ कार्यालय, जिला क्रीड़ाधिकारी कार्यालय व सिंचाई विभाग कार्यालय के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं।
उन्होंने बताया कि बकाया जमा करने पर कनेक्शन जोड़ा जाएगा। एसडीओ ने बताया कि जिन विभागों का कनेक्शन काटा गया है उनके ऊपर 20 लाख से अधिक का बकाया है। इधर कनेक्शन कट होने पर बृहस्पतिवार को आठों कार्यालयों में बिजली आपूर्ति ठप रही और एक समय के बाद इनवर्टर व जनरेटर भी जवाब दे गए। मार्च लास्ट होने पर बृहस्पतिवार को छुट्टी के बाद अधिकांश कार्यालय खुले थे।