रुद्रपुर। अगर आप रुद्रपुर में सपनों का घर बनवा रहे हैं तो जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) से नक्शा जरूर पास करा लें। ऐसा नहीं करने पर ऊर्जा निगम से कनेक्शन नहीं मिल सकेगा। प्राधिकरण सचिव ने ऊर्जा निगम के पत्र जारी कर बिना नक्शा पास कराए भवनों को कनेक्शन नहीं देने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, जिला प्रशासन की रोक के बावजूद शहर में कई जगहों पर अवैध निर्माण पर बिजली के कनेक्शन दिए जा रहे हैं। ऐसे मामले संज्ञान में आने के बाद प्राधिकरण सचिव ने रुद्रपुर डिवीजन के ईई को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि कई भवन स्वामी प्राधिकरण से भवन का मानचित्र पास कराए बिना ही अवैध रूप से निर्माण कार्य कर रहे हैं। भूमि की रजिस्ट्री, दाखिल खारिज, स्टांप पेपर के आधार पर विद्युत कनेक्शन दिया जा रहा है। बिजली का कनेक्शन मिलने से अवैध निर्माण व अनाधिकृत कालोनियों को बढ़ावा मिल रहा है जो नियमों के विरुद्ध है। प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में आने वाले किसी भी भवन या परिसर में नक्शा पास नहीं होने पर बिजली का कनेक्शन किसी भी कीमत पर न दिया जाए।
-
जेई व एसडीओ की रिपोर्ट पर भी मिल रहे कनेक्शन
बिजली के कनेक्शन देने के लिए मनमानी चल रही है। एक या दो जरूरी दस्तावेज होने पर जेई व एसडीओ स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट लगा देते हैं। उनकी रिपोर्ट पर कनेक्शन मिल जाते हैं। हालांकि जिला प्रशासन पूर्व में भी अवैध निर्माण पर कनेक्शन नहीं देने के निर्देश दे चुका है।
कोट:
प्राधिकरण क्षेत्र में अक्सर यह देखने को मिल रहा है कि हर किसी को मकान बनाने के बाद बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा है। इससे अवैध निर्माण को बल मिल रहा है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र जारी किया है कि अब बिना प्राधिकरण का नक्शा पास कराए बिजली कनेक्शन न दिया जाए। - पंकज उपाध्याय, सचिव, डीडीए