कृमि दिवस पर स्कूल के बच्चों को दी गई एल्बेंडाजोल की गोली से बीमार हुए बग्घा-सरपुड़ा के बच्चों की स्थिति अब सामान्य है। नगर के सीएचसी सहित प्रयास एवं रतूड़ी अस्पताल में भर्ती बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सीएचसी, प्रयास एवं रतूड़ी अस्पताल से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर 17 बच्चों के परिजन भी अब अपने नौनिहालों की स्थिति सामान्य बताते हैं।
बता दें कि कृमि दिवस 10 फरवरी को राइंका बग्घा सरपुड़ा में एल्बेंडाजोल गोली खाने से कई कई बच्चों को पेट, सिर एवं पैरों में दर्द की शिकायत हुई। बच्चों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। अभिभावकों का आरोप था कि उनके नौनिहाल कृमि दिवस पर दी गयी गोली से अस्वस्थ हुए हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस गोली का कोई भी साइड एफेक्ट नहीं मान रहे थे। बावजूद बच्चों को दी गयी एल्बेंडाजोल का नमूना लेकर देहरादून स्थित लैब को भेजा गया।
जिसकी रिपोर्ट दो सप्ताह तक आने की जानकारी सीएमओ द्वारा दी गयी। इधर प्रयास हास्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. आरिफ खान एवं रतूड़ी अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन आनंद मोहन रतूड़ी इस गोली से किसी भी तरह के साइड एफेक्ट से इंकार किया है। डाक्टर इतना जरूर बताते हैं कि गोली से सिर एवं पेट में हल्का दर्द होता है। अब सभी बच्चे स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। वहीं, हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी हायर सेंटर रेफर होकर गए बच्चों के परिजन फिलहाल एहतियातन अपने बच्चों को घर नहीं ले जाना चाहते हैं। कक्षा 12 की छात्रा रानी की माता रीता, चंदा के पिता लेकू, मनोज के पिता शिव लाल, सीमा के पिता राधेश्याम आदि बच्चों की स्थिति सामान्य बताते हैं।