दिल्ली से एक फैक्ट्री में माल लेकर आए ट्रक से एल्युमीनियम की 67 पेटी गायब हो गई। ट्रक खड़ा कर चालक गायब हो गया। फैक्ट्री प्रबंधक ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को सत्या मैटर लालपुर के प्रबंधक रवि ग्रोवर ने बगवाड़ा चौकी में तहरीर देकर बताया कि 11 फरवरी 2016 को सिंह ट्रांसपोर्ट दिल्ली में ट्रक संख्या यूके06सीए 2544 में अल्युमीनियम की 280 पेटी लोड की गई थी। लेकिन जब ट्रक माल लेकर फैक्ट्री पहुंचा तो उसमें 213 पेटी ही पाई गई। बाकी बची पेटियों का पता नहीं चल सका है।
उन्होंने बताया कि करीब 3070 किलो एल्युमीनियम कम प्राप्त हुआ है, जिसकी कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये है। कंपनी प्रबंधक ने गायब सामान को बरामद करने की मांग की है। एसआई सुनील बिष्ट ने बताया कि ट्रक फैक्ट्री में लाकर चालक गायब है। बताया जा रहा है कि खेड़ा में उसके रिश्तेदार रहते हैैं। चालक के मिलने पर ही गायब सामान के बारे में जानकारी मिलेगी।