जिलेभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, सोशल मीडिया पर भी जारी रहा बधाइयों का सिलसिला
रुद्रपुर/गदरपुर/किच्छा। क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिमों ने ईद की नमाज अदा की और मुल्क व कौम की तरक्की की दुआ मांगी। उन्हाेंने नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला जारी रहा।
शनिवार की सुबह खेड़ा स्थित ईदगाह पर हजारों मुस्लिम एकत्र हुए। जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना दानिश मिस्बाही ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। देश-प्रदेश की एकता और अखंडता को अमन चैन कायम रख सकता है। इस दौरान देश की खुशहाली की दुआ मांगी गई। मुस्लिम बस्तियों में त्योहार पर खासी रौनक रही। मस्जिद पर नमाज के दौरान जाहिद रजा रिजवी, बाबू खान, युनुस खान, डाॅ. शाहिद रजा, नूर अहमद, उमर अली, डॉ. सोनू खान, मोहम्मद शाहिद सहित अनेक मौजूद रहे। वहीं गदरपुर के सकैनिया मोड़ स्थित ईदगाह में जामा मस्जिद में शाही इमाम जाने आलम ने नमाज अता कराई और मुल्क के साथ-साथ कौम की तरक्की की दुआ की। मसीत, धीमरखेड़ा, सरोवर नगर, मजराशीला, महतोष, झगड़पुरी एवं गदरपुरा आदि मुस्लिम बाहुल्य ग्रामों में भी बकरीद का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया। विधायक अरविंद पांडेय, पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर आदि ने मुबारकबाद दी है। किच्छा में शनिवार की सुबह नगर की जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, सुनेहरी मस्जिद, चूड़ी शाह मिंया के मजार वाली मस्जिद समेत ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में नमाज अदा की गई। वहां पर नजाकत खान, फिरासत खान,शकील मलिक, अब्दुल रशीद जक्कू, सोनू मलिक, इकबाल कुरेशी, परवेज मलिक, जावेद मलिक आदि थे।
अल्लाह की बारगाह में सजदे के लिए झुके सिर
जसपुर। ईद पर शनिवार को अल्लाह की बारगाह में सजदे के लिए सिर को झुकाया, देश में अमन चैन और खुशहाली के लिए दुआ की। ईदगाह में शहर इमाम कारी अयूब रजा नूरी, जामा मस्जिद में मौलाना सैयद शाने आलम, अबुबकर में मौलाना अखलाक कासमी, फैजाने रमजान में कारी मोहसिन रजा, गौसिया मस्जिद में मुफती मो’.आसिफ, चांद मस्जिद में कारी राशिद, मदीना मस्जिद में कारी मो.मोहसिन, सुनहरी मस्जिद में हाजी जानिसार अख्तर, अंसारियान में मौलाना सलमान ने ईद की नमाज अदा कराई।
गले मिलकर एक दूसरे को दी बधाई
काशीपुर। ईद-उल-अजहा का त्यौहार नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत के साथ मनाया गया। ईदगाह मैदान पर शनिवार को शहर के इमाम मुफ्ती मुनाजिर हुसैन ने ईद उल अजहा की नमाज सुबह लगभग आठ बजे ईदगाह के मैदान पर शहर इमाम मुफ्ती मनाजिर हुसैन ने नमाज अदा कराई। शांति व्यवस्था बनाए रखने को कोतवाली प्रभारी अमर चंद्र शर्मा, कटोराताल चौकी प्रभारी विपुल जोशी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। यहां पर ईदगाह कमेटी के सदर हसीन खान, पूर्व पालिकाध्यक्ष शमशुद्दीन, मुशर्रफ हुसैन, हाजी इबरार, मुजीब एडवोकेट, अजमत खान, शफीक अंसारी, आरडी खान, एमए राहुल, राजा सब्बीर आदि मौजूद रहे। वहीं शहर की जामा मस्जिद, बाबा भुल्लन शाह, गौसिया, मोती, मदीना, पाकीजा, काज़ीबाग, थानासाबिक गंज व खालसा समेत नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में नमाज अता की गई।
शांति पूर्वक मनाया गया पर्व
बाजपुर/केलाखेड़ा। ईद-उल-अजहा का पर्व भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। नगर के मुंडिया पिस्तौर स्थित ईदगाह में पेश इमाम कारी अमीर अहमद रिजवी, गांव कनौरा स्थित ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती सुलेमान ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। गांव महेशपुरा, बाजपुर गांव, रम्पुरा शाकर, मुंडिया कला, धनसारा आदि में ईद-उल-अजहा धूमधाम के साथ मनाया गया। ईद पर सीओ विभव सैनी, कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद नजर आए। केलाखेड़ा स्थित ईदगाह में मौजूद सैकड़ो लोगों को जामा मस्जिद के इमाम मोहम्मद जाफर ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई।
फोटो...02पी...केलाखेड़ा ईदगाह में ईद की नमाज अदा करते मुस्लिम भाई। संवाद
खटीमा और सितारगंज में भी मांगी सलामती
खटीमा /सितारगंज। खटीमा की नूरी मस्जिद में सुबह नौ बजे इमाम इरफानुल हक कादरी ने नमाज अदा कराई। वहां पर मुफ्ती मोहफिज रजा, हाफिज जफरुद्धीन, शमशुल हसन, रियाज मंसूरी, मौलाना अमान कादरी आदि थे। खटीमा की जामा मस्जिद में सुबह आठ बजे नमाज अदा की गई। सितारगंज में सुबह आठ बजे नगर की ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद कासिम मिस्वाही ने ईद की नमाज अदा कराई। सुनहरी मस्जिद, मदीना मस्जिद, रंपुरा मस्जिद, गौसिया मस्जिद, बलीनगर की कादरी मस्जिद, चिंतीमजरा की सिद्दीके अकबर मस्जिद में भी ईदुल अजहा की नमाज अदा की गई।