रुद्रपुर। 5जी के दौर में बीएसएनएल भी अपनी सुविधाएं बेहतर करने में जुटा हुआ है। जहां टूजी और थ्रीजी टावर को अपग्रेड किया जा रहा है वहीं 4जी टावर भी लगाए जा रहे हैं। इसके लिए सर्वप्रथम जिला मुख्यालय क्षेत्र को 4जी सेवाओं से समृद्ध करने की कवायद तेजी से चल रही है।
रुद्रपुर विकास खंड क्षेत्र में बीएसएनएल के करीब 25 से 30 हजार मोबाइल उपभोक्ता हैं। ये ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने प्राइवेट कंपनियों की 5जी सेवाओं के बावजूद बीएसएनएल का साथ नहीं छोड़ा। छह माह पूर्व जब प्राइवेट कंपनियों के टैरिफ में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई थी तो तेजी से लोगों का बीएसएनएल की तरफ रुझान बढ़ा था।
इसको देखते हुए बीएसएनएल ने भी अपनी सुविधाओं को बेहतर करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र में करीब 39 4जी टावर लगाने का प्रस्ताव निगम को भेजा गया। इसमें से जैसे-जैसे टावरों की आवक हो रही है, वैसे-वैसे लगाए जा रहे हैं। अभी तक 10 नए टावर लगा दिए गए हैं जबकि 29 अभी और लगने हैं।
नेटवर्किंग में थोड़ा हुआ सुधार
शहरी क्षेत्र में 4जी बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) टावर लगाए जाने से बीएसएनएल की नेटवर्किंग में थोड़ा सुधार आया है। पहले बात करते-करते कब नेटवर्क गायब हो जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं थी। इसके साथ ही अगर बात भी होती थी तो कॉल वॉयस साफ नहीं थी। अब टावर लगने से थोड़ा सुधार हुआ है।
कोट
रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र में नेटवर्किंग को सुधारने के लिए 4जी टावर लगाए जा रहे हैं। अभी तक 10 नए लगाए गए हैं जबकि अभी 29 टावर और लगने बाकी हैं। अगले कुछ दिनों में नेटवर्किंग की समस्या में काफी हद तक सुधार हो जाएगा। - अर्चना श्रीवास्तव, उप मंडलीय अभियंता रुद्रपुर