रुद्रपुर के कलक्ट्रेट सभागार में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बैठक करतीं डीएम।
- फोटो : RUDRAPUR
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में इस वर्ष जिले से 42 हजार, 954 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए मंगलवार को डीएम रंजना राजगुरु ने कलक्ट्रेट सभागार में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी व नकलविहीन हों। परीक्षा केंद्रों पर पानी और बिजली की व्यवस्था सुचारु हो। उन्होंने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर एसडीएम को विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। सीईओ आरसी आर्या ने बताया कि हाईस्कूल में 11,914 छात्राएं संस्थागत व 163 छात्राएं व्यक्तिगत और 12,587 छात्र संस्थागत व 293 छात्र व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में शामिल होंगे।
इंटरमीडिएट में 9,131 छात्राएं संस्थागत व 372 छात्राएं व्यक्तिगत और 8,127 छात्र संस्थागत व 365 छात्र व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 24,957 व इंटरमीडिएट में 17,997 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षाएं देंगे। वहां ओसी कलक्ट्रेट नरेश चंद्र दुर्गापाल, प्रशिक्षु आईएएस जयकिशन, तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा, प्रधानाचार्य एएनझा केके शर्मा, प्रधानाचार्य श्री गुरुनानक इंटर कॉलेज. रानी चंद्रा, बोर्ड परीक्षा प्रशासनिक अधिकारी संजय टम्टा मौजूद थे।
जीजीआईसी काशीपुर इस बार भी सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र
रुद्रपुर। जिले में इस बार बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 93 मिश्रित परीक्षा केंद्र व 12 एकल परीक्षा केंद्र हैं। इनमें 22 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित किए हैं। इस बार भी जिले का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र जीजीआईसी काशीपुर बना है जिसमें 1117 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जबकि जिले का सबसे छोटा परीक्षा केंद्र राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तीरथ व राजकीय कन्या इंटर कालेज बाबरखेड़ा हैं जिनमें क्रमश: 75-75 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।