रुद्रपुर में भाजपा नेता उत्तम दत्ता के साथ सांसद लॉकेट चटर्जी। संवाद
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। किच्छा में भाजपा विधायक राजेश शुक्ला के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अजय तिवारी को मनाने के लिए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय पहुंचे, लेकिन अजय तिवारी के घर पर नहीं होने से वह बात नहीं कर पाए। वहीं दूसरी तरफ अजय तिवारी ने किच्छा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी कर दिया है। इधर, बंगाली समाज के नेता कहे जाने वाले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता को मनाने में पार्टी की नेता कामयाब रहीं।
भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर बगावत पर उतरे विधायक राजकुमार ठुकराल ने नामांकन किया। इससे पहले बृहस्पतिवार को नामांकन का एलान करते समय कहा जा रहा था कि भाजपा से टिकट के दावेदार उत्तम दत्ता ठुकराल का साथ देंगे। यह सूचना आने के बाद ही उत्तम दत्ता को मनाने की कोशिश शुरू हो गई। इसके लिए पश्चिम बंगाल से भाजपा की सांसद व उत्तराखंड चुनाव की सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी को जिम्मेदारी दी गई। शुक्रवार को वह पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता के आवास पर पहुंचीं। जहां मान-मनौव्वल के बाद वह जिलाध्यक्ष शिवअरोरा के साथ खड़े नजर आए।
वहीं पार्टी से दावेदार विकास शर्मा, सुरेश कोली, भारत भूषण चुघ आदि नेता भी शिव अरोरा के समर्थन में आ गए हैं। नामांकन के बाद बातचीत में भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा ने बताया कि विधायक राजकुमार ठुकराल को भी वह अपने साथ मिला लेंगे, लेकिन वहीं दूसरी तरफ विधायक अपने फैसले पर अटल नजर आ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने बताया कि पार्टी ने उन्हें सबको एक करने की जिम्मेदारी दी है। शुक्रवार को वह रुद्रपुर में ओमैक्स कॉलोनी स्थित कार्यालय पर पहुंचे थे। किच्छा से दावेदारी कर रहे अजय तिवारी घर पर नहीं मिले। वह अपना फोन भी घर पर ही छोड़कर गए थे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वह किच्छा में अजय तिवारी, रुद्रपुर में राजकुमार ठुकराल व काशीपुर में भी प्रत्याशियों को एक साथ लाएंगे। जिसके लिए वह शनिवार को विधायक राजकुमार ठुकराल से मुलाकात करेंगे।