बाजपुर। प्लाईवुड से भरा ई-रिक्शा अचानक पलट गया जिसके नीचे दबकर गांव बरहैनी निवासी रोहित (16) की मौत हो गई।
बुधवार को गांव बरहैनी निवासी रोहित एक दुकान से प्लाईवुड और फर्नीचर का सामान लेकर पास के गांव कुकरेंटा जा रहा था। रास्ते में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और रोहित उसके के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने बमुश्किल घायल को निकालकर वाहन से बाजपुर के उप जिला चिकित्सालय भेजा जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसआई प्रहलाद सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ई-रिक्शा का प्रयोग घरेलू सहित अन्य सामान ढोने के रूप में किया जा रहा है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सीओ विभव सैनी ने बताया कि ई-रिक्शा में सामान लादकर ले जाना नियम के विपरीत है।
पीलीभीत के युवक की संदिग्ध हालात में मौत
काशीपुर। यूपी के पीलीभीत, कायस्थान नगर, वार्ड नंबर दो निवासी अभिषेक (35) संदिग्ध हालात में जसपुर खुर्द में किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार वह जसपुर खुर्द क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहता था और स्थानीय होटल में पिज्जा बनाने का कार्य करता था। मंगलवार की राता करीब नौ बजे जब उसके साथ रहने वाले युवक कमरे पर पहुंचे तो देखा अभिषेक पंखे से लटका हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। आईटीआई थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि अभिषेक पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन को लेकर मानसिक रूप से तनाव में था।