काशीपुर। देवभूमि पवित्र भूमि ई-रिक्शा चालक समिति की बैठक में ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि किसी भी सूरत में शहर के अंदर यूपी की ई-रिक्शाओं का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
समिति की बैठक बुधवार को रेलवे स्टेशन के मालगोदाम परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान समिति अध्यक्ष एमए राहुल ने कहा कि शहर के अंदर भारी संख्या में यूपी के ई-रिक्शाओं का संचालन किया जा रहा है, जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। रिक्शा चालकों ने कहा कि वह किसी भी सूरत में यूपी के ई-रिक्शों को नहीं चलने देंगे। साथ ही पुलिस से मांग की ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। राहुल ने सभी रिक्शा चालकों से कहा वह अपना ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य कागजात पूरे करा लें। साथ ही सभी चालकों को हिदायत दी यदि ई-रिक्शा में किसी का कोई सामान छूट जाए तो उसको पुलिस में या रेलवे स्टेशन की पार्किंग में जमा करा दें।
बैठक में कहा कि नगर निगम प्रशासन अपनी ओर से शहरी ई-रिक्शा चालकों के लिए सीरियल नंबर प्लेट जारी करे। साथ ही कहा कि जानकारी हुई है कि निगम प्रशासन चालकों से तहबाजारी वसूलने की तैयारी कर रहा है। कहा कि तहबाजारी का वह विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन एक न्यूनतम धनराशि ही वसूली जाए। साथ ही शहर में अलग-अलग स्थानों पर रिक्शा स्टैंड बनाए जाएं। यहां पर समिति के उपाध्यक्ष रहमान, सोनू, मुमताज, असलम, शंकर, सुभाष कुमार, राजीव कुमार, अजय कुमार, अरुण आदि रहे।