घर लौट रहे बाइक सवार यूपी के दो युवकों की बाइक डंपर में जा घुसी। इससे एक
युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिसे चिकित्साधिकारी ने एसटीएच हल्द्वानी के लिए रेफर किया है। मरने वाले
युवक की अभी शिनाख्त नहीं पाई थी।
बुधवार को अमरिया रोड पर गुरुद्वारा साहिब के सामने डंपर (एचआर38डब्ल्यू-3277) खड़ा था। जिसमें न तो बैकलाइट जल रही थी और न ही रिफ्लेक्टर लगे थे। रात करीब आठ बजे सितारगंज से घर लौट रहे जहानाबाद जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी जितेंद्र कुमार पांडे (40) पुत्र रामचंद्र पांडे की बाइक (यूपी26क्यू-2260) डंपर में जा घुसी।
इससे बाइक सवार युवक के सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने आपातकालीन 108 एंबुलेंस से दोनों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया। चिकित्साधिकारी डा. हर्ष सिंह ऐरी ने युवक को मृत घोषित कर दिया और जितेंद्र की हालत नाजुक देख उसे हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना पर कस्बा इंचार्ज पान सिंह तोमक्याल व सिडकुल चौकी इंचार्ज दिनेश नाथ मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और डंपर व क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। चौकी इंचार्ज दिनेश ने बताया कि घायल की जेब से बाइक के कागजात व मोबाइल मिला है। जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त जितेंद्र पांडे के रूप में हुई। जबकि, मृतक युवक के पास से कोई भी कागजात व पहचान पत्र आदि न मिलने से अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया कि घायल के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। खबर लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे।