नानकमत्ता में नशीली दवा और तस्कर के साथ पुलिस की टीम।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। नशे के खिलाफ जारी मुहिम के तहत पुलिस ने छापा मारकर पॉल्ट्री फार्म की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने स्मैक और नशीली दवाओं के जखीरे के साथ एक तस्कर को पकड़ लिया, जबकि तीन तस्कर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से नशे के 11,782 कैप्सूल, 11 हजार की नकदी और 4.62 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ औषधि अधिनियम तथा एनडीपीएस के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने टीम को 1500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
शनिवार देर शाम थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ टुकड़ी गांव में पॉल्ट्री फार्म पर छापा मारा। पुलिस ने पॉल्ट्री फार्म स्वामी गांव के केहर सिंह को पकड़ लिया, जबकि केहर का पुत्र गुरदेव सिंह, भगवान सिंह और कुलदीप सिंह फरार हो गए। पुलिस ने पॉल्ट्री फार्म से नशे के 11,782 कैप्सूल और टेबलेट के साथ 4.62 ग्राम स्मैक बरामद की। 11 हजार रुपये भी बरामद किए।
तस्कर केहर सिंह ने बताया कि नशे की खेप उसका बड़ा पुत्र गुरदेव सिंह लाता था। वह अपने पुत्रों के साथ नानकमत्ता क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और फरार आरोपियों के खिलाफ औषधि अधिनियम 1985 की धारा 8, 21, 22 तथा 29 तथा एनडीपीएस के तहत केस दर्ज कर लिया। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया। टीम में एसआई दीपक कौशिक, जगत सिंह भंडारी, राजेंद्र पंत, कांस्टेबल प्रकाश आर्य, मोहित वर्मा, रोहित चौधरी, नवनीत कुमार आदि शामिल थे।