काशीपुर। दीपावली की खुशियां के बीच नेत्र चिकित्सकों ने आतिशबाजी के समय आंखों का अधिक ध्यान रखने की सलाह दी है। चिकित्सकों का मानना है कि पटाखा फोड़ते समय जरा सी लापरवाही आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती है।
नेत्र चिकित्सक डॉ. गीतांजलि तिवारी ने बताया कि पटाखों से निकलने वाली चिंगारी, धुआं और तेज रोशनी आंखों को सीधे नुकसान पहुंचाती है। कई बार पटाखा हाथ में फटने या चिंगारी आंख में जाने से कॉर्निया जलने, आंख में सूजन और रोशनी कमजोर होने जैसी समस्या हो जाती है। नेत्र सर्जन डॉ. धनेश्वरी खेतवाल ने बताया कि पटाखे फोड़ते समय आंखों का विशेष ध्यान रखें। पटाखों से उचित दूरी बनाए रखें और बच्चों को अकेले पटाखे न फोड़ने दें। पटाखों के तेज रंगों और रोशनी को ज्यादा देर तक लगातार न देखें, इससे आंखों पर बुरा असर पड़ता है। चिकित्सकों का कहना है कि सावधानी बरतने से दीपावली को सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
- पटाखे फोड़ते समय चश्मा या सुरक्षा चश्मा पहनें।
- पटाखों को हाथ में पकड़कर न फोड़ें।
- चिंगारी आंख में जाने पर आंख को रगड़ें नहीं, तुरंत साफ पानी से धोएं।
- आंख में जलन या धुंधलापन हो तो तुरंत नेत्र चिकित्सक को दिखाएं।