बाजपुर। घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत बरकरार है। शुक्रवार को गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेकर आए उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। एक व्यक्ति ने एजेंसी कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हुए धक्का-मुक्की कर दी। इस दौरान कार्यालय में रखे कंप्यूटर सहित अन्य सामान गिरकर टूट गया जिस पर हंगामा हो गया। लोगों ने गैस सिलिंडर से भरे वाहन का ताला तोड़ने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। होम डिलीवरी से ही सिलिंडर वितरण किए गए।
शुक्रवार को मंडी समिति परिसर स्थित गैस एजेंसी कार्यालय पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। इस बीच सिलिंडर से भरा एक वाहन भी पहुंच गया जिस पर उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए उमड़ पड़े। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एजेंसी प्रबंधन ने सिलिंडर वितरण से मना कर दिया। प्रबंधन ने कहा कि मात्र होम डिलीवरी से ही सिलिंडर मिलेगा।
एजेंसी से किसी को सिलिंडर नहीं मिलेगा जिससे उपभोक्ता भड़क उठे। उपभोक्ताओं का कहना था, कि वह सुबह से कतार लगाए खड़े हैं। उन्हें सिलिंडर दिया जाए। उपभोक्ताओं ने गैस सिलिंडर से भरे वाहन का ताला तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति एजेंसी के कार्यालय में जबरन घुस गया। आरोपी ने अंदर जाकर कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की कर दी। इससे कंप्यूटर सहित अन्य सामान गिर कर टूट गया। सूचना पर कोतवाल नरेश चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रबंधन तंत्र ने कंप्यूटर ठीक कराकर कार्य शुरू किया।
बाजपुर गैस सर्विस एजेंसी प्रबंधक रामबाबू ने बताया कि आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।