रुद्रपुर/खटीमा/नानकमत्ता। आम लोगों की रसोई पर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। इसके बाद रुद्रपुर शहर में 14.2 किलो वाला घरेलू गैस सिलिंडर अब 873 रुपये की बजाय 933 रुपये में मिलेगा। वहीं 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत भी 115 रुपये की बढ़ी है। अब कॉमर्शियल सिलिंडर 1858 के बजाय 1973 रुपये का मिलेगा। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
लोगों का कहना है इन दिनों अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसी का असर एलपीजी की कीमतों पर पड़ा है। गैस कंपनियों ने लागत बढ़ने का हवाला देते हुए कीमतों में संशोधन किया है। स्थानीय गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रमोद पांडेय ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के कारण घरेलू स्तर पर भी दरें बढ़ानी पड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी एशिया में तनाव के चलते तेल और गैस की कीमतों में आए उछाल के कारण कंपनियों ने एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में संशोधन किया है। नई दरें लागू कर दी गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय उपभोक्ता सीमा वर्मा का कहना है कि पहले से ही महंगाई के कारण घर का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राशन, सब्जी और अन्य जरूरी चीजों के दाम पहले ही बढ़े हुए हैं। अब गैस सिलिंडर महंगा होने से रसोई का खर्च और बढ़ जाएगा। इधर, खटीमा के अधिकांश क्षेत्रों में घर तक सिलिंडर पहुंचाने के लिए 20 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे थे जबकि नानकमत्ता में 10 रुपये अधिक लिए जा रहे थे। अब गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं की जेब पर और असर पड़ेगा।
एलपीजी गैस सिलेंडर की अब 25 दिन से पहले नहीं होगी बुकिंग
सितारगंज। घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दामों में वृद्धि से रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। गैस की बुकिंग भी अब 25 दिनों में ही हो पाएगी। एलपीजी की किल्लत होने की अफवाह से गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की अचानक भीड़ बढ़ गई है।
सितारगंज गैस एजेंसी के प्रबंधक श्याम सिंह ने बताया कि कि शनिवार को सॉफ्टवेयर में बुकिंग की तिथि 25 दिन बाद दर्शायी गई है। उन्होंने बताया कि अभी गैस की आपूर्ति सामान्य है। कई उपभोक्ता बुकिंग तिथि में 25 दिन का अंतर होने से सिलिंडर नहीं ले पाए। कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़ने से उत्पादन की लागत बढ़ना तय है। उद्यमियों को चिंता है कि गैस आपूर्ति सुचारु नहीं रही तो भविष्य में गैस आधारित उद्योगों में संकट आ जाएगा।
सितारगंज सिडकुल इंडस्टरीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण सत्यवली ने बताया कि उद्योगों में गैस आपूर्ति सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों के अफसरों से वार्ता चल रही है। गैस के दाम बढ़ने से लोगों को आशंका है कि सरकार डीजल और पेट्रोल के दामों में भी वृद्धि हो सकती है। इसलिए लोग अधिक डीजल और पेट्रोल की खरीदारी कर उसे स्टॉक करने में भी जुट गए हैं।
वहीं कांग्रेस प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, कांग्रेस पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करन जंग, नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष हरपाल सिंह ने कहा कि सरकार का दावा था कि उसके पास गैस व पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में है। ऐसे में रेट बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला गया है।
पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि के फिलहाल कोई आसार नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि देश में तेल का पर्याप्त भंडार है। रूस से कच्चे तेल की आपूर्ति जारी है। इस विषम परिस्थिति के मौके पर केंद्र सरकार की तरफ से जारी की गई 20 प्रतिशत इथेनॉल की मिलावट से भी आयात का बोझ कम हुआ है। उन्होंने सलाह दी है कि लोग किसी प्रकार की तेल की कमी या तेल मूल्य बढ़ने की अफवाह से बचें।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के मूल्य में बढ़ोतरी जरूर हुई है लेकिन सरकारी तेल कंपनियों की नीतियों के चलते इस बढ़ोतरी का भारत पर असर पड़ने की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है। लंबे अर्से से यह कंपनियां काफी सस्ता कच्चा तेल खरीद कर अच्छा मुनाफा कमा रही थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस स्थिति में खुले बाजार में तेल का मूल्य बढ़ने की कोई संभावना नही है।
काशीपुर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार
सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों की बाढ़ से, असमंजस में लोग
काशीपुर। काशीपुर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार है, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ दिन से सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी से संबंधित प्रसारित किए जा रहे दावे पूरी तरह से निराधार और फर्जी पाए गए हैं। काशीपुर में तेल कंपनियों की ओर से निरंतर सप्लाई हो रही है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद किए जाने के कारण भारत में कच्चे तेल की सप्लाई रुक जाएगी। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वह कीमतों में भारी बढ़ोतरी और किल्लत से बचने के लिए तुरंत पेट्रोल पंप जाकर अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लें। इधर, काशीपुर के भीखूमल प्यारेलाल पेट्रोल पंप के मालिक विकास अग्रवाल ने बताया कि घबराहट में आकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। ईंधन की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार हैं और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।