काशीपुर आईएमए के आह्वाहन पर क्रमिक अनशन पर बैठे निजी अस्पतालों के डॉक्टर।
- फोटो : KASHIPUR
रुद्रपुर/काशीपुर। सरकार की ओर से आयुर्वेद के डॉक्टरों को सर्जरी को मंजूरी देने का विरोध करते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर आईएमए रुद्रपुर और काशीपुर के सदस्यों ने भूखे रहकर मरीजों का ओपीडी में इलाज किया। उन्होंने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
आईएमए रुद्रपुर के अध्यक्ष डॉ. अजय अग्रवाल व सचिव मनदीप सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से आयुर्वेद के डॉक्टरों को सर्जरी की मंजूरी देने के विरोध में देशभर के डॉक्टर क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मिक्सोपैथी पर लिया गया निर्णय जनहित में नहीं है।
कहा कि दो पैथियों को एक में मिला देने से खतरा बढ़ सकता है। इसका दुष्परिणाम समाज को भोगना पड़ेगा। आयुर्वेद डॉक्टरों की ओर से सर्जरी करने पर अनहोनी भी हो सकती है। बताया कि इसको लेकर आईएमए की ओर से निरंतर लड़ाई लड़ी जा रही है। बताया कि आईएमए के डॉक्टर देशभर में 14 फरवरी तक क्रमिक अनशन कर ओपीडी करेंगे।
काशीपुर में अनशन करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद शर्मा, काशीपुर अध्यक्ष डॉ. सुबोध अग्रवाल, डॉ. अशोक सिरोही, डॉ. रवि सिंघल, डॉ. यशपाल रावत, डॉ. वीना जोशी, डॉ. रजत गुप्ता, डॉ. एसपी गुप्ता आदि थे। (संवाद)