रुद्रपुर। सांसद अजय भट्ट ने लोकसभा में प्रदेश में वन्यजीवों की ओर से फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान का मामला उठाया। उन्होंने नियम 377 के तहत सदन को अवगत कराया कि उत्तराखंड वन बहुल क्षेत्र होने के चलते मानव वन्यजीव संघर्ष काफी बढ़ गया है।
सांसद ने कहा कि वन्यजीवों के हमलों में सैकड़ों लोग जान गंवा चुके हैं। फसलों को व्यापक नुकसान होने से लोग पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं। लोग मजबूरी में फसल परिवर्तन कर रहे हैं, जो जल्द ही भुखमरी की समस्या पैदा करेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को समझते हुए सभी हित धारकों, नीति निर्माताओं, केंद्र सरकार और केंद्रीय वन विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय करते हुए इसमें कोई दीर्घकालिक कदम उठाएं, ताकि वन्यजीवों से प्रभावित होने वाले आमजन को राहत मिल सके।
सरकार सोलर फेंसिंग, भूमि उपयोग नियोजन, इको टूरिज्म, पर्यावरण सेवा कर, ग्रीन बोनस जैसे सुझाव पर भी अमल करें। कहा कि फसल परिवर्तन के लिए भी संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए और वन्य कानूनों में भी बदलाव करने की आवश्यकता है। (ब्यूरो)