सितारगंज में धरने पर पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे की तबियत बिगड़ने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण करते डॉ. र?
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। पांच सूत्री मांगों को लेकर नगर पालिका परिसर में पिछले 23 दिनों से धरना दे रहे पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे की हालत बिगड़ गई। इससे आंदोलनकारियों व नगरवासियों में अफरातफरी मच गई। सरकारी अस्पताल के डॉ. राहुल ने धरनास्थल पहुंचकर दुबे का स्वास्थ्य परीक्षण किया तो सर्दी लगने की वजह से पीठ में दर्द होना बताया।
शनिवार को 23वें दिन भी धरना जारी रहा। पालिकाध्यक्ष की पीठ में दर्द के साथ उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर नागरिकों की भीड़ लग गई। सीएचसी के डॉ. राहुल टीम के साथ धरनास्थल पहुंचे और पालिकाध्यक्ष का ब्लड प्रेशर व अन्य जांच की। डॉ. राहुल ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण रात में ठंड में सोने की वजह से पीठ में दर्द की शिकायत हो गई है। उन्होंने पालिकाध्यक्ष को ठंड से बचने की सलाह दी। उधर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि उनकी मांगों का पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने भी समर्थन किया है। 15 दिसंबर को रुद्रपुर कलक्ट्रेट में होने वाले धरना प्रदर्शन में बेहड़, पूर्व विधायक नारायण पाल समेत पूर्व व वर्तमान के कई पालिकाध्यक्ष समर्थकों के साथ पहुंचेंगे। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों से भी बीडीसी व प्रधान आदि धरना प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। वहां शक्तिफार्म के पूर्व चेयरमैन अजय जायसवाल, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघ के प्रधान सचिव रोहिताश ठाकुर, व्यापार मंडल महामंत्री राजीव गुप्ता, सभासद सचिन गंगवार, जहूर इस्लाम, प्रमोद रावत, लक्ष्मण राणा, अकरम बेग, जिलानी अंसारी, सोनू माटा आदि थे।