रुद्रपुर। नई गल्ला मंडी में बनाई गई 118 दुकानों के आवंटन की मांग जोर पकड़ रही है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आढ़तियों के साथ डीएम नितिन सिंह भदाैरियां से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दुकानों के शटर पर जंग लग गया है और क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। यहां दुकानों का आवंटन किया जाए।
मंगलवार को ठुकराल दर्जनों आढ़तियों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए चार साल पहले रामपुर हाईवे पर नवीन मंडी का निर्माण शुरू कराया था। मंडी में बनीं दुकानों को गल्ला मंडी के आढ़तियों को आवंटित की जानी थी। अब तक दुकानों का आवंटन नहीं हो सका है।
मंडी में दुकानें खुलने से उत्तराखंड व उत्तरप्रदेश दोनों किसानों को फायदा होता। गल्ला मंडी जिले की सीमा पर बनाई गई है। आरोप लगाया कि दुकान आवंटन के लिए विभाग चार लाख से लेकर 15 लाख तक की मांग कर रहा है। डीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। वहां पर राजवीर सिंह विर्क, ललित सिंह बिष्ट, संजय ठुकराल, आनंद शर्मा, केरू मंडल, सुमित निषाद, हरभजन सिंह, सुमित गंगवार, आयुष यादव आदि मौजूद रहे।