जिले में 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 'ग्राम उदय से भारत उदय' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को डीएम अक्षत गुप्ता ने ग्राम सिरौलीकला पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पहले गांवों के विकास के लिए योजनाएं अधिकारी बनाते थे किंतु अब ग्रामवासी अपने गांव की योजनाओं का प्रस्ताव खुद बनाकर ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में प्रस्तुत करेंगे ताकि गांवों की मुख्य योजनाएं धरातल पर आ सके। डीएम ने कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के तहत 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम तीन चरणों, सामाजिक समरसता, ग्राम पंचायतों में किसान सभा का आयोजन, ग्राम सभा की खुली बैठकों के आयोजन किए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 14 से 16 अप्रैल तक चलने वाला सामाजिक समरसता कार्यक्रम संपन्न हो गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि द्वितीय चरण में 17 से 20 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों में किसान सभा का आयोजन और तृतीय चरण में 21 से 24 अप्रैल के मध्य सभी ग्राम पंचायतों में किसी एक दिन ग्राम सभा की खुली बैठकों का आयोजन किया जाए। डीएम ने ग्राम विकास ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिये कि 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे, इसलिए ग्राम प्रधान के नेतृत्व में किसी सार्वजनिक स्थान पर टेलीविजन वीडियो की व्यवस्था कर लोगों को एकत्रित किया जाय ताकि सभी लोग एक ही स्थान पर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुन सकें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी द्वारा मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और आजीविका योजना के बारे में, स्वजल परियोजना प्रबंधक भीम सिंह द्वारा मिशन स्वाभिमान और जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश त्रिपाठी द्वारा ग्राम उदय से भारत उदय की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहदुल रहमान, ब्लाक प्रमुख दलजीत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजीव सिंह, पुष्कर राज जैन, एसडीएम किच्छा डीपी सिंह, एपीडी रमा गोस्वामी, बीडीओ विमल कुमार, सहायक विकास अधिकारी गिरीश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी रवि चन्द्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
गांव में शौचालय बनाने का संकल्प लें ग्रामीण
रुद्रपुर/किच्छा। डीएम अक्षत गुप्ता ने कहा कि ग्राम सिरौलीकला में अब भी 123 परिवारों के पास शौचालय नहीं हैं, इसलिए वे संकल्प लें कि इस वर्ष हर हाल में शौचालय बनाएंगे। उन्हें स्वच्छता मिशन के अंतर्गत प्रोत्साहन धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम ने कहा कि जनपद को कुपोषण मुक्त करने के लिए मिशन पोषण आरोहण कार्यक्रम चलाया गया है, जिसके अंतर्गत 432 बच्चों को अधिकारियों ने गोद लिया है। अब तक 300 बच्चों का वजन 500 ग्राम से एक किग्रा तक बढ़ा है। साथ ही जिले में कूड़ा बीनने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए मिशन आगाज योजना चलाई गई है।
पंचायत भवन का लोकार्पण
रुद्रपुर/किच्छा। डीएम ने सिरौलीकला में 5.50 लाख रुपये से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय प्रथम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय के सुंदरीकरण करने पर ग्राम प्रधान सहदुल रहमान की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें इस कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने बंगाली समाज के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास बनाने, मुख्य रास्तों का सुधारीकरण करने और गन्ने के मूल्य का भुगतान करने की मांग रखी।