सितारगंज में सिडकुल जा रही बस की चेकिंग करते एसएसआई सुधाकर जोशी।
- फोटो : SITARGANJ
डीएम रंजना राजगुरु ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए आम जनता से कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मिलजुलकर कार्य करने की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि संक्रमण बढ़ने पर सख्ती करने से दैनिक जीवन में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। इससे हर किसी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों के रोजगार पर भी इसका सीधा असर पड़ता है। आम जनमानस के लिए आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की गाइडलाइनों का पालन अवश्य करें।
सभी लोग मास्क पहनें और भीड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक न जाएं। सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही समय-समय पर अपने हाथों को साबुन से धोएं या सैनिटाइज करें। 45 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्ति टीका अवश्य लगाएं। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के विभिन्न स्थानों पर केंद्र बनाए गए हैं। अधिक से अधिक लोग अपने नजदीकी केंद्र पर टीका लगवाएं। यदि किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या होती है तो जिले के कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 05944-205205 पर फोन कर सकते हैं। (संवाद)
मास्क न लगाने पर 319 लोगों का चालान
काशीपुर/सितारगंज। कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है। काशीपुर में मंगलवार को पुलिस ने विभिन्न नुक्कड़ों पर अभियान चलाकर 163 लोगों का चालान कर 32 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला है। कोतवाली के एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए पुलिस टीमों की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संक्रमण को देखते हुए मास्क लगाना अनिवार्य है। बिना मास्क बाजार में घूमने वालों से दो सौ रुपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे इस अभियान में और सख्ती की जाएगी।
इधर, सितारगंज में एसएसआई सुधाकर जोशी ने टीम के साथ अभियान चलाकर बिना मास्क के घूमने वाले करीब 150 लोगों का चालान काटा। इसके अलावा सिडकुल की एक बस को रुकवाकर उसकी भी जांच की। बस में सवार 22 कर्मचारियों में से तीन ने मास्क नहीं पहना था। पुलिस ने तीनों का 200-200 रुपये का चालान काटा।
रंजना राजगुरू, डीएम।- फोटो : RUDRAPUR