रुद्रपुर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम रंजना राजगुरू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग मित्र की बैठक हुई। इसमें डीएम ने सिडकुल सितारगंज में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था यूपीआरएन के कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरएम को निर्देश दिए कि यूपीआरएन के प्रोजेक्ट मैनेजर दो दिन के भीतर विस्तृत जानकारी के साथ उपस्थित हों।
डीएम ने लोनिवि और एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़कों में तत्काल पैचवर्क करने के निर्देश दिए। एनएचएआई अधिकारियों को अधूरे सड़क निर्माण को समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिए कि संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में खराब हुईं स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने दानपुर सब स्टेशन की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी दानपुर एवं सितारगंज के सब स्टेशन का स्वयं निरीक्षण करें। आरएम सिडकुल एवं एआरटीओ संयुक्त रूप से ट्रांसपोर्टरों की बैठक करें और सिडकुल क्षेत्र की सड़कों पर वाहन खड़ा नहीं करने को निर्देशित करें। डीएम ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का प्रस्ताव आरएम उपलब्ध कराएं। केजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक बंसल ने बिजली व्यवस्था, सड़कों की खराब हालत, एनएच-74, 87 के अधूरे निर्माण, पार्किंग, पानी, शौचालय, हवाई कनेक्टिविटी आदि की समस्याएं रखी। वहां सीडीओ हिमांशु खुराना, एसडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल, आरएम सिडकुल पारितोष वर्मा, जीएम डीआईसी चंचल बोहरा आदि थे।