रुद्रपुर। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने जल जीवन मिशन की पेयजल लाइन बिछाने के लिए खोदी गईं सड़कों को योजना के पूरा होने के तत्काल बाद ठीक करने के निर्देश दिए हैं।सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा और सीईओ केएस रावत से पेयजल विहीन अस्पताल व स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा। संबंधित विभाग से भी इसकी पड़ताल करने को कहा।
बुधवार को कैंप कार्यालय में जल जीवन मिशन (जेजेएम) की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि ओवरहेड टैंक पूर्ण होने के बाद ही पेयजल लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी जाए। सड़क की मरम्मत करने के बाद जीओ टैगिंग करनी होगी। अधूरी योजनाओं का काम पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां पंप हाउस बन गए हैं, वहां पंपिंग प्लांट का कार्य पूर्ण कर पेयजल वितरण किया जाए।
जिन योजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया जाना है, उसकी सूची सीडीओ को देने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ मनीष कुमार, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, एसई जल निगम वीके जैन, ईई जल निगम सुनील जोशी, ईई जल संस्थान, मनोज कुमार गंगवार आदि मौजूद थे। वर्चुअल के माध्यम से भी अधिकारी जुड़े थे।
...