उत्तराखंड शासन ने मतदाता गणना की तरह इस बार प्रदेश के दिव्यांगों की भी गणना कराई है। राज्य भर के सभी जिलों से करीब 24,184 दिव्यांग मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। कुमाऊं के मुकाबले गढ़वाल मंडल में 7,034 दिव्यांग मतदाताओं की संख्या अधिक हैं। चुनाव आयोग ने पोलिंग बूथ पर दिव्यांगों के लिए बिजली, पानी के साथ ही उनके बूथ तक लाने-ले जाने की भी व्यवस्था की है।
प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन सीटों पर अब तक पुरुष और महिला मतदाताओं की वोटिंग की गणना होती थी। लेकिन, इस बार शासन ने राज्य के सभी जिलों में निवास करने वाले दिव्यांग मतदाताओं की भी गणना की है। चुनाव निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश के सभी 13 जिलों में 24, 184 दिव्यांग मतदाता हैं। इनमें गढ़वाल मंडल में 15609 और कुमाऊं मंडल में 8575 दिव्यांग मतदाता हैं। जो इस बार आयोग के रिकार्ड में वोटिंग करने जा रहे हैं।