सीओ ने बताया कि जांच में आरोप के तथ्य सही पाए जाने पर निरीक्षक विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया। टीम ने जिला आबकारी अधिकारी मिश्रा को शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप टीम आरोपी से पूछताछ में जुटी है। बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। सतर्कता निदेशक डॉ. मुरूगेशन ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चल रहा है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगने पर विजिलेंस के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
काशीपुर आवास पर विजिलेंस ने मारा छापा
जिला आबकारी अधिकारी के रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद विजिलेंस की टीम अब उनकी संपत्ति को भी खंगालेगी। इसके लिए एक टीम ने काशीपुर स्थित उनके आवास पर छापा मारा। सीओ अनिल मनराल ने बताया कि उनके घर को खंगाला जा रहा है। संपत्ति की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा उनके पुराने रिकार्ड भी जानकारी ली जा रही है। यदि, रिश्वत से बनाई गई संपत्ति सामने आती है तो शासन से अनुमति लेकर उस पर कार्रवाई की जाएगी।