बाजपुर/केलाखेड़ा। गांव गणेशपुर में जमीनी मामले को लेकर दो पक्षों के बीच तकरार हो गई। पूर्व प्रधान अनीता देवी ने लोगों के साथ थाने में तहरीर देकर कुछ प्रभावशाली लोगों पर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से जुताई करने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार देर शाम गांव गणेशपुर में कुछ प्रभावशाली लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने की नीयत से जुताई करने के लिए पहुंचे। इस पर ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने प्रभावशाली लोगों पर हथियार के बल जमीन पर कब्जा करने का विरोध किया। इस पर हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूर्व प्रधान अनीता देवी ने तहरीर देकर बताया कि विवादित जमीन पर आंबेडकर पार्क का प्रस्ताव बना है, लेकिन कुछ लोग जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। इस मौके पर
उदयपाल, अशोक कुमार, राजू, महीपाल, हरिओम, रत्न लाल, हर्षित आदि थे। इधर उप जिला अधिकारी राकेश चंद तिवारी ने केलाखेड़ा थाना प्रभारी संजय बोहरा को मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी एसओ संजय बोहरा ने बताया कि उक्त जमीन का मामला न्यायालय में भी विचारणीय है।