रुद्रपुर के रंपुरा स्थित क्लीनिक के बाहर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
रंपुरा में एक क्लीनिक से दवा लेकर गए युवक की कुछ घंटों बाद अचानक तबियत बिगड़ गई। परिजन गंभीर हालत में युवक को लेकर क्लीनिक पहुंचे और दवा से तबियत बिगड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद परिजन युवक को लेकर दूसरे निजी अस्पताल में ले गए। इधर, पुलिस ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार रंपुरा के काली मंदिर के पास स्थित एक क्लीनिक से क्षेत्र निवासी युवक का उपचार चल रहा था। शनिवार दोपहर वह क्लीनिक से दवाई लेकर घर चला गया। लेकिन शाम को अचानक युवक की हालत बिगड़नी शुरू हो गई।
इसके बाद परिजन उसे मरणासन्न हालत में लेकर क्लीनिक पहुंचे।
उन्होंने डॉक्टर पर गलत दवाई देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे वहां मोहल्ले के लोग जमा हो गए। वह डॉक्टर के पक्ष में खड़े हुए तो परिजन बैकफुट पर आ गए। इसके बाद परिजन उसे लेकर पहले मुख्य बाजार स्थित एक क्लीनिक में ले गए, लेकिन डाक्टर ने उसकी स्थिति देखकर हाथ खड़े कर दिए।
इधर, घटना के बाद रंपुरा स्थित क्लीनिक को डाक्टर ने बंद कर दिया। लोगों को कहना था कि युवक का नशे का आदी था। युवक के परिजन दोबारा न आएं, इसलिए वे यहां खड़े हैं। इधर कोतवाल केसी भट्ट ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।