कांग्रेस नेता जय सिंह की ओर से लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पर लगाए गए आरोप का मामले में लोनिवि डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ अधिशासी अभियंता के समर्थन में उतर आया है। संघ की बैठक में अधिशासी अभियंता पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। सीएम से राजकीय कार्य में अनावश्यक दबाव बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को हुई संघ की बैठक में पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेता जय सिंह की ओर से अधिशासी अभियंता पर लगाए गए आरोपों पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि जय सिंह ने आरटीआई के तहत विभाग से सूचना मांगी थी। सूचना तैयार की जा रही थी। 18 जुलाई को जय सिंह कार्यालय आए। उनकी ओर से सूचना को अभिलेखों की बजाए मनमाफिक रूप से तैयार करने के लिए ईई और स्टाफ पर दबाव डाला गया।
ईई ने जय सिंह को अभिलेखों के अनुसार ही सूचना उपलब्ध कराने के प्राविधान की जानकारी दी। जिस पर जय सिंह नाराज होकर देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए। बैठक में जय सिंह ओर से ईई पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया गया। एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर हरीश रावत, मोहम्मद इस्लाम, कविता लोहमी, चेतन भट्ट, ममता गोस्वामी आदि शामिल थे।